लिंग जांच पर सख्ती : सुंदरगढ़ में अल्ट्रासाउंड केंद्रों की होगी औचक जांच, नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

जिला टास्क फोर्स की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश, बालिका अनुपात बढ़ाने पर भी जोर

सुंदरगढ़। जिले में पीसीपीएनडीटी (गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में जिला सलाहकार समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. शुभंकर महापात्र ने की। बैठक में जिले के अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालन, पंजीयन, नवीनीकरण और औचक निरीक्षण की समीक्षा की गई।

अल्ट्रासाउंड केंद्रों की होगी नियमित औचक जांच
बैठक में कलेक्टर डॉ. महापात्र ने बताया कि जिले में एक जिला स्तरीय निरीक्षण दल का गठन किया गया है। यह टीम सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से सरप्राइज निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित केंद्रों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अवैध लिंग जांच पर रहेगी कड़ी नजर
बैठक में जिले के बालिका लिंगानुपात की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को बालिका अनुपात में सुधार के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध लिंग जांच पर प्रशासन की लगातार नजर है और ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कई अधिकारी और विशेषज्ञ रहे मौजूद
बैठक में मुख्य जिला चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र मोहंती, अतिरिक्त जिला जनस्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार प्रसाद, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नंदिनी मुंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रान्यू रानी दास, डॉ. अमर कुमार दास, डॉ. सुभाषिनी पांडे, सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहलता पटेल, अमियकांत नायक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक बिश्वंबर बेहरा, समन्वयक दिलीप कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article