अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
19 सितंबर को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक, माय भारत युवा कार्यक्रम और ELC के लिए जनचेतना बढ़ाने की पहल
कोरबा, 18 सितंबर 2026। जिले में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं की सहभागिता बढ़ाने की पहल की जा रही है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित माय भारत युवा कार्यक्रम और मतदाता जागरूकता अभियान इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) के जन-जागरूकता अभियान को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं को एक मंच पर लाने की पहल
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स और यूट्यूबर्स के रूप में सक्रिय युवाओं के साथ महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को भी अभियान से जोड़ने की पहल की जा रही है। इस दिशा में जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
19 सितंबर को होगी जिला स्तरीय बैठक
इसी कड़ी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवाओं, इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स और यूट्यूबर्स की जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक 19 सितंबर 2026 को दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट सभाकक्ष, कोरबा में आयोजित की जाएगी।
बैठक में युवाओं को माय भारत युवा कार्यक्रम और इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) से जोड़ने के साथ-साथ सोशल मीडिया के जरिए जन-जागरूकता बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
लोकतांत्रिक जागरूकता में युवाओं की भूमिका पर जोर
जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया युवाओं के बीच संवाद और जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं की रचनात्मक क्षमता का उपयोग जन-जागरूकता गतिविधियों में किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर, कंटेंट क्रिएटर्स और यूट्यूबर्स को एक मंच पर लाकर माय भारत युवा कार्यक्रम तथा ELC के उद्देश्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उपयोगी गतिविधियों से जोड़ना है।
युवाओं से बैठक में शामिल होने की अपील
सतीश प्रकाश सिंह ने कोरबा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सोशल मीडिया पर सक्रिय सभी इंफ्लूएंसर, क्रिएटर्स और यूट्यूबर्स युवाओं से 19 सितंबर की बैठक में अपने विचारों के साथ शामिल होने की अपील की है।
बैठक से संबंधित विस्तृत जानकारी और समन्वय के लिए 9826184765 एवं 7489042929 मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।




