बिलासपुर के चार वार्डों में उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

महिला स्व-सहायता समूह और प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार 30 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन, निजी व्यक्तियों को मौका नहीं

बिलासपुर, 18 सितंबर 2026। नगर पालिका निगम बिलासपुर के चार वार्डों में शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 के तहत संबंधित वार्ड में पंजीकृत महिला स्व-सहायता समूह एवं प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार आवेदन कर सकते हैं।

इन चार वार्डों के लिए होगी प्रक्रिया

कार्यालय कलेक्टर, खाद्य शाखा की ओर से जारी उद्घोषणा के अनुसार उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए निम्न वार्डों से आवेदन मंगाए गए हैं—

  • वार्ड क्रमांक 17 — नेहरू नगर
  • वार्ड क्रमांक 27 — विनोबा नगर
  • वार्ड क्रमांक 39 — शहीद भगत सिंह नगर
  • वार्ड क्रमांक 64 — महामाया नगर

इच्छुक पात्र संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन 30 सितंबर 2026 तक सीलबंद लिफाफे में जमा कर सकती हैं। आवेदन कार्यालय कलेक्टर, खाद्य शाखा, बिलासपुर में जमा करना होगा।

पंजीयन से जुड़ी शर्तें जरूरी

उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए आवेदन करने वाली महिला स्व-सहायता समूह या प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का उद्घोषणा जारी होने की तारीख से कम से कम तीन माह पहले पंजीकृत होना अनिवार्य है।

इसके अलावा आवेदन उसी वार्ड के लिए स्वीकार किया जाएगा, जो संबंधित संस्था के पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आता हो।

निजी व्यक्तियों और अपूर्ण आवेदनों पर विचार नहीं

जारी निर्देश के अनुसार निजी व्यक्तियों द्वारा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा यदि किसी संस्था का आवेदन निर्धारित वार्ड के बजाय किसी अन्य वार्ड के लिए होगा, तो उसे पात्र नहीं माना जाएगा।

अपूर्ण दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत किए गए आवेदनों पर भी विचार नहीं किया जाएगा। इच्छुक संस्थाओं को आवेदन जमा करने से पहले निर्धारित पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की शर्तों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement
Share This Article