रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। रायपुर निवासी एवं जांजगीर मूल के जनसंपर्क विभाग के संयुक्त संचालक धनंजय राठौर और आकाशवाणी रायपुर की कम्पीयर श्रीमती रोशनी राठौर की बेटी सौम्या राठौर का चयन देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली में लीगल असिस्टेंट कम रिसर्च एसोसिएट के पद पर हुआ है। सौम्या सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस चन्द्रशेखर के न्यायालय में अपनी सेवाएं देंगी।
MHCET में हासिल की ऑल इंडिया 23वीं रैंक
सौम्या राठौर ने विधि शिक्षा के क्षेत्र में शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महाराष्ट्र कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (MHCET) में ऑल इंडिया 23वीं रैंक हासिल की। इसके बाद उनका चयन मुंबई के प्रतिष्ठित गवर्नमेंट लॉ कॉलेज (GLC) में हुआ, जहां से उन्होंने लीगल साइंस और LL.B. की शिक्षा पूरी की।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की भर्ती परीक्षा में भी रहीं प्रथम
LL.B. की पढ़ाई पूरी करने के बाद सौम्या ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में लीगल असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। मार्च 2026 से वे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति एन.के. चंद्रवंशी के न्यायालय में लीगल असिस्टेंट के रूप में कार्य कर रही थीं।
अब सुप्रीम कोर्ट में चयन को उनके विधि क्षेत्र के करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
दोनों बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में आगे
राठौर परिवार की दोनों बेटियों ने अपनी प्रतिभा से परिवार का नाम रोशन किया है। सौम्या की छोटी बहन शौर्या राठौर वर्तमान में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर से MBBS की पढ़ाई कर रही हैं।
शुभचिंतकों ने दी बधाई
सौम्या राठौर के सुप्रीम कोर्ट में चयन की खबर से परिजनों, शुभचिंतकों और विधि क्षेत्र से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सौम्या की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी मानी जा रही है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर
छत्तीसगढ़


