Rourkela Airport Expansion : हवाई अड्डा विस्तार से बस्तियों पर संकट, विस्थापन के विरोध में एकजुट हुए लोग

Advertisement
Advertisement

पूर्व विधायक सुब्रत तरई ने दिया समर्थन, कहा- पुनर्वास से पहले किसी को नहीं हटाया जाए

राउरकेला। राउरकेला हवाई अड्डे के प्रस्तावित विस्तार को लेकर एयरपोर्ट से सटी बस्तियों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। संभावित विस्थापन की आशंका के बीच सेक्टर-15 स्थित चीफ टाइप मार्केट मैदान में बड़ी संख्या में बस्तीवासी एकत्र हुए और अपने घर तथा आजीविका की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व विधायक एवं बीजद नेता सुब्रत तरई ने भी शामिल होकर प्रभावित लोगों को अपना समर्थन दिया।

सेक्टर 13, 14 और 15 के लोग हुए एकजुट

बैठक में सेक्टर-13, सेक्टर-14 और सेक्टर-15 की बस्तियों के निवासी, आरएसपी क्वार्टर के लीजधारी और स्थानीय दुकानदार शामिल हुए। सभी ने कहा कि यदि हवाई अड्डे का विस्तार किया जाता है, तो किसी भी प्रकार के विस्थापन से पहले प्रभावित परिवारों का उचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

शहर के बाहर एयरपोर्ट विस्तार की मांग

बैठक में मौजूद लोगों ने हवाई अड्डे के विस्तार का विरोध करते हुए सुझाव दिया कि एयरपोर्ट का विस्तार शहर के बाहर किया जाए, ताकि हजारों लोगों के घर और रोजगार प्रभावित न हों।

सुब्रत तरई बोले- पुनर्वास के बिना विस्थापन स्वीकार नहीं

पूर्व विधायक सुब्रत तरई ने कहा कि फिलहाल किसी भी बस्तीवासी को हटाने के संबंध में आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है। इसके बावजूद वे प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यदि एयरपोर्ट विस्तार के लिए लोगों को हटाया जाता है, तो पहले उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी होगी।

सरकार और आरएसपी प्रबंधन से करेंगे चर्चा

सुब्रत तरई ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वे केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के साथ-साथ आरएसपी प्रबंधन से भी चर्चा करेंगे। बैठक में उपस्थित लोगों ने अपने अधिकारों और आशियाने की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Advertisement
Share This Article