Raigarh Nagar Nigam : संजय मार्केट नाला निर्माण में लापरवाही पर कमिश्नर क्षत्रिय सख्त, ठेकेदार को लगाई फटकार

Advertisement
Advertisement

जलभराव रोकने नवनिर्मित नालियों और ड्रेनेज व्यवस्था का किया निरीक्षण, अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश

रायगढ़। नगर निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने मानसून के मद्देनजर संजय मार्केट परिसर में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति का जायजा लेते हुए अधूरे नाला निर्माण कार्य को लेकर ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।

मार्केट परिसर में पानी निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने सुबह संजय मार्केट पहुंचकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार के एक छोर से दूसरे छोर तक जाकर नाले से पानी निकासी की व्यवस्था को देखा। साथ ही नाले की सफाई के लिए लगाए गए गैंग द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की और सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अधूरे निर्माण कार्य पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान संजय मार्केट परिसर में एक स्थान पर नाला निर्माण कार्य अधूरा मिला। इस पर कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधूरे नाला निर्माण को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

जलभराव रोकना निगम की प्राथमिकता

कमिश्नर श्री क्षत्रिय ने कहा कि संजय मार्केट शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां रोजाना हजारों नागरिकों और व्यापारियों का आवागमन होता है। बारिश के दौरान यहां जलभराव की समस्या सामने आती है, इसलिए नाले से पानी निकासी व्यवस्था को सुचारू रखना निगम की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश

कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को तेज बारिश की स्थिति में 24 घंटे मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों और नालों में अवरोध की स्थिति में तत्काल सफाई कर जल निकासी व्यवस्था बहाल रखने को कहा।

उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि ड्रेनेज सिस्टम प्रभावित न हो और बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।

Advertisement
Share This Article