गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तख्तियां-बैनर लेकर किया विरोध, वित्तीय अनियमितताओं का लगाया आरोप
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने सोमवार को जिला अध्यक्ष गजमति भानु के नेतृत्व में राम मंदिर में कथित चंदा चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। पेंडरा बस स्टैंड और गौरेला के संजय चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तख्तियां, बैनर और पोस्टर लेकर विरोध जताया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान राशि में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। नेताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे लोगों की धार्मिक आस्था प्रभावित हुई है।
जनआस्था से जुड़ा गंभीर मामला : गजमति भानु
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमति भानु ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और मंदिर के चढ़ावे एवं वित्तीय लेन-देन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
चरणबद्ध आंदोलन की दी चेतावनी
पेंडरा के कार्यक्रम प्रभारी ओमप्रकाश अग्रवाल (बंका) ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं की धनराशि जनता की आस्था की अमानत है और यदि उसमें भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। वहीं गौरेला के कार्यक्रम प्रभारी गुलाब राज ने कहा कि यदि सरकार निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस आगे भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस पदाधिकारी
प्रदर्शन में विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, रमेश साहू, बलवीर कर्सायल, गिरजा रानी पट्टाम सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।




