गुड़ेली, सरसरा और सेंदूरस के स्कूलों में लगातार तीसरे वर्ष हुआ कॉपी-पेन वितरण, विद्यार्थियों ने गाकर दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
रायगढ़। ग्राम पंचायत गुड़ेली के युवा समाजसेवी भागवत साहू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर शिक्षा को बढ़ावा देने की अनूठी पहल करते हुए गुड़ेली, सरसरा और सेंदूरस के शासकीय स्कूलों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं को कॉपी और पेन वितरित किए। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस सेवा कार्य से विद्यार्थियों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
लगातार तीसरे वर्ष शिक्षा सेवा का संकल्प
भागवत साहू ने प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूल के विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कॉपी-पेन पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर “हैप्पी बर्थडे” गाते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा की कामना की।
‘सबको पढ़ना है, सबको बढ़ना है’ का दिया संदेश
इस अवसर पर भागवत साहू ने कहा कि “शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। शिक्षा ही अज्ञानता को दूर कर व्यक्ति को सही-गलत की पहचान कराती है। समाज में जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए शिक्षित होना बेहद आवश्यक है। मैं हमेशा शिक्षा के प्रति आपके साथ खड़ा रहूंगा।”
उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने की जनसेवा की सराहना
ग्रामीणों ने भागवत साहू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष विद्यार्थियों की मदद करते हैं। उनकी यह सेवा गांव के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर किशोर पटेल, टीनू बरेठ, महेश साहू, चंदन चौहान, संजू सिदार, टिकेश्वर साहू, प्रकाश श्रीवास, योगेश यादव, मोती निषाद सहित बड़ी संख्या में युवा साथी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




