छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: कई जिलों में नदी-नाले उफान पर, सैकड़ों गांवों का संपर्क टूटा

Advertisement
Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जिलों में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, वहीं कई मार्गों पर पानी भरने से यातायात बाधित हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

बीजापुर में कई मार्ग बंद, गांवों का संपर्क टूटा

बीजापुर जिले में लगातार बारिश के कारण बारेगुड़ा, गंगालूर सहित कई मार्ग बंद हो गए हैं। पानी सड़कों के ऊपर से बहने के कारण सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

महासमुंद में बाढ़ जैसे हालात

महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम सेवाती में भारी बारिश के कारण मुख्य सड़क का एक हिस्सा बह गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क टूट गया है।

वहीं, कलमीदादर बांध में पानी की आवक बढ़ने से बांध भर चुका है। ओवरफ्लो के कारण निचले इलाकों और पहुंच मार्गों पर पानी बह रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

दुर्ग में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ा

दुर्ग जिले में लगातार बारिश से शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ गया है। महमरा एनीकट के ऊपर करीब साढ़े चार फीट पानी बहने के कारण प्रशासन ने दुर्ग से महमरा गांव जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया है।

गरियाबंद में सड़क संपर्क प्रभावित, बांध के गेट खोले गए

गरियाबंद जिले में भारी बारिश से नगरी, धमतरी और छुरा से संपर्क प्रभावित हुआ है। पन्टोरा कन्या आश्रम में जलभराव के बाद 50 से अधिक बच्चों को सुरक्षित स्थान बारूका में शिफ्ट किया गया है।

वहीं, सिकासेर बांध के 16 गेट खोल दिए गए हैं। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण पैरी और सोंढूर नदियां उफान पर हैं।

धमतरी में स्कूलों में छुट्टी घोषित

धमतरी जिले में मूसलाधार बारिश के कारण नगरी ब्लॉक के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। स्कूल परिसरों में पानी भरने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने नगरी क्षेत्र के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।

जिले के गंगरेल, सोंढूर, दुधावा और मुरुमसिल्ली बांधों में लगातार पानी की आवक जारी है।

सक्ती में झरने में बहा युवक, शव बरामद

सक्ती जिले के दमाऊ धारा झरने में नहाने के दौरान बह गए युवक का शव डीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलप्रपातों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रशासन अलर्ट पर

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों और संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement
Share This Article