छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल, झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी

Advertisement
Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। यह दुर्घटना उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में उस समय हुई, जब वे बागेश्वर धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

कमर और पैर में आई चोट, हालत स्थिर

जानकारी के अनुसार हादसे में किरण देव को कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

डॉक्टरों ने सीटी स्कैन सहित अन्य जरूरी जांचें कराई हैं। इलाज के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है।

बेहतर इलाज के लिए रायपुर लाने की तैयारी

किरण सिंह देव को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। भाजपा संगठन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।

पत्नी और बेटी सुरक्षित

हादसे के समय वाहन में किरण सिंह देव की पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वाहन में मौजूद पीएसओ, पीए और चालक को मामूली चोटें आई हैं।

अधिकारी और भाजपा नेता पहुंचे अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही ललितपुर के डीएम, एसएसपी सहित पुलिस अधिकारी झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए भाजपा नेताओं और समर्थकों ने प्रार्थना की है।

Advertisement
Share This Article