रायगढ़: बोर्ड परीक्षाओं को लेकर एसएसपी का प्रेरक संदेश

2 Min Read

रायगढ़, 21 फरवरी। जिले में बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परीक्षार्थियों के लिए एक प्रेरक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत के साथ परीक्षा देने की सलाह दी।

एसएसपी श्री सिंह ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव जरूर है, लेकिन यह अंतिम मंजिल नहीं है। इसलिए छात्र बिना किसी दबाव और तनाव के पूरी तैयारी के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि इच्छा शक्ति, मजबूत निश्चय और निरंतर मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है।

असफलता से न हों निराश

उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि यदि किसी कारणवश अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता है तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में आगे बढ़ने के कई अवसर होते हैं और सफलता तक पहुंचने के अनेक रास्ते मौजूद हैं।

अभिभावकों से की अपील

एसएसपी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उन पर अनावश्यक दबाव न डालें। सकारात्मक माहौल और भावनात्मक सहयोग बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करता है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।

शांतिपूर्ण परीक्षा वातावरण का आश्वासन

परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एसएसपी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य माध्यमों से अनावश्यक शोर-शराबा होता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस संबंधित व्यक्तियों को सख्त हिदायत देकर विद्यार्थियों को परेशानी से बचाने के लिए कार्रवाई करेगी।

अंत में उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। रायगढ़ पुलिस विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

TAGGED:
Share This Article