रायगढ़: मौहापाली हत्याकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 21 फरवरी। मौहापाली (खरसिया) में युवक शिव प्रसाद पटेल की मारपीट के बाद आग लगाकर हत्या करने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग

घटना 16 फरवरी की है, जब चपले निवासी 36 वर्षीय शिव प्रसाद पटेल अपने मामा के घर मौहापाली आया हुआ था। रात में वह घर से निकला और कुछ देर बाद गांव की गली में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके शरीर पर मारपीट और जलने के गंभीर निशान थे। उपचार के दौरान 17 फरवरी को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में मृतक को निलेश डेंजारे उर्फ निले और कृष्णा सोनवानी उर्फ गंगाराम के साथ अंतिम बार देखा गया।

टिप्पणी से भड़का विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला

एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के सुपरविजन और निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य संदेही निलेश डेंजारे को रायगढ़ से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक द्वारा उसके पिता की मृत्यु को लेकर की गई टिप्पणी से विवाद शुरू हुआ। गुस्से में उसने अपने साथी के साथ मिलकर शिव प्रसाद पटेल की हाथ-मुक्कों और ईंट से पिटाई की और बाद में आग लगा दी।

हत्या में प्रयुक्त सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त ईंट, आरोपी के कपड़े, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

खरसिया पुलिस ने आरोपी निलेश डेंजारे (25 वर्ष), निवासी मौहापाली चौक खरसिया, को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सख्त चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement
Share This Article