रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर बैक-टू-बैक कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 21 फरवरी। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चक्रधरनगर थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफगानिस्तान बनाम कनाडा टी20 विश्व कप मैच पर बॉल-टू-बॉल सट्टा नोट कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

पान सेंटर से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जमुनाईन चौक स्थित अजय कोल्ड्रिंक्स एंड पान सेंटर में हेमंत बत्रा नामक युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी दो मोबाइल फोन के माध्यम से सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया।

मोबाइल, नकदी और वेबसाइट आईडी जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एप्पल आईफोन 13 प्रो, एक एप्पल आईफोन 12 और नगद राशि जब्त की है। मोबाइल की जांच में क्रिकेट सट्टा वेबसाइट “JMDBET.com” पर सक्रिय आईडी संचालित होना पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अन्य साथियों के साथ मिलकर यह अवैध गतिविधि चला रहा था और लेनदेन यूपीआई के माध्यम से किया जाता था।

मुख्य खाईवाल के लिए काम करने की बात कबूली

आरोपी ने बताया कि वह रोहित अग्रवाल के साथ मिलकर सट्टा संचालित कर रहा था और संपूर्ण लेनदेन मुख्य खाईवाल के लिए किया जाता था। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी हेमंत बत्रा (24 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, कच्ची खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

सख्त चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement
Share This Article