ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, यूपी के 8 गांजा तस्कर गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 34.865 किलो गांजे की खेप पकड़ी, 61.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

रायगढ़, 4 सितंबर। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लैलूंगा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्करों के कब्जे से 34.865 किलोग्राम गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पायलटिंग के लिए आगे चल रही थी स्कूटी और कार

पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की टाटा सफारी क्रमांक UP 70 DF 0050 में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर उड़ीसा की ओर से लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में नाकेबंदी शुरू की।

ग्राम कमरगा के पास पुलिस ने संदिग्ध सफारी को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस के निजी वाहन को टक्कर मार दी और वाहन लेकर मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की।

मोतीपुर के पास दबोचे गए दो आरोपी

पुलिस की टीम जब ग्राम मोतीपुर के पास पहुंची तो टाटा सफारी के आगे एक स्कूटी से पायलटिंग किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सफारी चालक की पहचान अनिल कुमार चौधरी और स्कूटी चालक की पहचान गगन कुमार चौधरी, दोनों उत्तर प्रदेश निवासी के रूप में हुई।

पूछताछ में सामने आया पूरा तस्करी नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि उनके साथ छह अन्य लोग भी दो हुंडई ऑरा कारों में चल रहे थे। ये दोनों कारें आगे चलकर सफारी को रास्ता दिखाने और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने का काम कर रही थीं।

इसी दौरान मुख्य मार्ग पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर और बरगढ़ जाने वाले मार्ग के पास दोनों हुंडई ऑरा कारों को संदेह के आधार पर रोक लिया।

दो कारों से छह आरोपी पकड़े गए

सरिया पुलिस की कार्रवाई में दोनों वाहनों से छह संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके पीछे चल रही टाटा सफारी में गांजा रखा गया था। इसकी सूचना रायगढ़ जिले के पुलिस अधिकारियों को दी गई। इसके बाद लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए सफारी को पकड़ लिया।

इस संयुक्त कार्रवाई में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

34 पैकेट में मिला 34.865 किलो गांजा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 पैकेट गांजा बरामद किया, जिसका कुल वजन 34.865 किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 43 हजार 200 रुपये बताई गई है।

इसके अलावा टाटा सफारी, दो हुंडई ऑरा कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार सभी जब्त सामान की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में लैलूंगा थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके संचालन के तरीके के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसएसपी ने किया खुलासा

पूरी कार्रवाई का खुलासा रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रख रही है। इसी अभियान के दौरान लैलूंगा पुलिस को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देशन में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अनिल कुमार चौधरी, गगन कुमार चौधरी, संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह, दीपांशु सिंह, प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी शामिल हैं।

जब्त सामग्री

  • 34 पैकेट गांजा — कुल वजन 34.865 किलोग्राम
  • टाटा सफारी कार — UP 70 DF 0050
  • हुंडई ऑरा कार — UP 70 RT 1067
  • हुंडई ऑरा कार — UP 70 RT 3451
  • एक स्कूटी — OD 12 H 6460
  • 8 मोबाइल फोन
  • कुल अनुमानित कीमत — 61 लाख 53 हजार 200 रुपये
Advertisement
Share This Article