जीडीसी कॉलेज के सामने प्रतिमा से छेड़छाड़ की सूचना के बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज
बिलासपुर। जीडीसी कॉलेज के सामने स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किए जाने की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर प्रतिमा से छेड़छाड़ करने वाले की पहचान के लिए जांच टीम को सक्रिय किया।
जांच में सामने आया महिला का नाम
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर की सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शहर में घूमने वाली एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला द्वारा विभिन्न प्रतिमाओं के साथ इसी तरह की छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है।
इसके बाद पुलिस उक्त महिला की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि महिला के संबंध में जानकारी जुटाकर उसे जल्द ही अभिरक्षा में लेने की कार्रवाई की जाएगी।
सेंदरी मानसिक चिकित्सालय में कराया जाएगा भर्ती
पुलिस के मुताबिक महिला के मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात उसे सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि उसका उपचार और आवश्यक देखभाल सुनिश्चित हो सके।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला की तलाश के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर — बिलासपुर, छत्तीसगढ़




