जशपुर पुलिस ने प्रशस्ति पत्र और हेलमेट देकर किया सम्मानित, गोल्डन आवर में मदद करने वालों को मिली सराहना
जशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने “राह वीर योजना” के तहत दो गुड सेमेरिटन (सद्भावी नागरिकों) को सम्मानित किया। दोनों को जशपुर पुलिस की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं हेलमेट प्रदान किया गया, जबकि भारत सरकार की ओर से ₹25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि भी दी गई।
राह वीर योजना क्या है?
राह वीर योजना (Good Samaritan Scheme) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक केंद्रीय योजना है। इसके तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को “गोल्डन आवर” (दुर्घटना के बाद का पहला महत्वपूर्ण घंटा) के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले व्यक्ति को ₹25,000 नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है।
इन नागरिकों को मिला सम्मान
प्रियांश भगत, निवासी ओल्ड पावर हाउस, रायगढ़ रोड, जशपुर ने 10 फरवरी 2026 को ग्राम आटापाठ के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी मदद की।
वहीं श्रवण कुमार भगत, निवासी ग्राम बालाछापर ने 31 जनवरी 2026 को एनएच-43 पर सड़क हादसे में घायल दो लोगों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।
डीआईजी-एसएसपी ने की अपील
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का “गोल्डन आवर” बेहद महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल को समय पर उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना होने पर बिना किसी डर के घायलों की मदद करें। कानून गुड सेमेरिटन को पूर्ण संरक्षण देता है और उनकी मानवीय पहल को शासन द्वारा सम्मानित भी किया जाता है।


