ASUMP Scheme 2025-26 के तहत पुलिस मुख्यालय ने उपलब्ध कराए डिवाइस, डिजिटल साक्ष्य संकलन होगा आसान
जशपुर। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 (Modern/Special Plan) के तहत विवेचना कार्य को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से जशपुर जिले को सैमसंग कंपनी के 104 स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। इन मोबाइलों का वितरण 6 जुलाई को पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।
डीआईजी-एसएसपी ने किया वितरण
कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के सभी विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल वितरित किए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल एवं उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ भी उपस्थित रहे।
डिजिटल साक्ष्य जुटाने में मिलेगी मदद
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इन स्मार्ट मोबाइलों की मदद से विवेचक घटनास्थल का फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान का डिजिटल रिकॉर्ड, जब्ती प्रक्रिया की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग तथा अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रूप से संकलित कर सकेंगे।
वैज्ञानिक जांच से मजबूत होंगे केस
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित विवेचना से न्यायिक प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी। डिजिटल साक्ष्य आरोपियों के विरुद्ध मजबूत प्रमाण प्रस्तुत करने में सहायक होंगे, जिससे न्यायालय में अपराध सिद्ध करने और दोषियों को सजा दिलाने में सफलता मिलेगी।
तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
यह पहल जशपुर पुलिस की तकनीक-आधारित, पारदर्शी और प्रभावी विवेचना प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ेगी और पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।


