Crime Review Meeting : लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश, लापरवाही पर होगी विभागीय कार्रवाई – डीआईजी एवं एसएसपी

Advertisement
Advertisement

जशपुर पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में अवैध कारोबार, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर

जशपुर। पुलिस कार्यालय जशपुर में 6 जुलाई को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित अपराध, चालान, मर्ग एवं शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विवेचना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।

लंबित मामलों की हुई समीक्षा

बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। डीआईजी एवं एसएसपी ने अनुविभागवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर विवेचना पूर्ण करने और राजपत्रित अधिकारियों को प्रतिदिन विवेचकों के कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

अवैध कारोबार और नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

बैठक में अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ, सट्टा, नशीले पदार्थों के कारोबार, आर्म्स एक्ट और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।

साइबर अपराधों के त्वरित निराकरण पर जोर

सायबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक भावेश कुमार समरथ को निर्देश दिए गए कि थाना एवं चौकी स्तर से मांगी गई तकनीकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा साइबर हेल्पलाइन, साइबर पोर्टल और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

‘पुलिस मितान’ को मजबूत बनाने के निर्देश

डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि ‘पुलिस मितान’ जशपुर पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग की महत्वपूर्ण पहल है। थाना एवं चौकी प्रभारियों को पुलिस मितानों के साथ नियमित बैठक कर उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा मुक्ति और जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

ग्राम सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित समाधान पर फोकस

उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति थाना या चौकी से निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। सभी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निगरानीशुदा बदमाशों की नियमित निगरानी, पैदल मार्च, कॉम्बिंग गश्त और क्षेत्र में विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। ग्रामों से आने वाली शिकायतों की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम सुरक्षा प्रभारी अधिकारी को सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश

बैठक में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। जशपुर पुलिस का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना है।

Advertisement
Share This Article