ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र: जवानों के लिए छत्तीसगढ़ का अनोखा तोहफा, 23.51 लाख रक्षा सूत्र CDS को सौंपे

Advertisement
Advertisement

नई दिल्ली में CDS जनरल अनिल चौहान और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ग्रहण किए रक्षा सूत्र, सुरक्षा बलों के जवानों तक पहुंचाई जाएगी राखी

नई दिल्ली/रायपुर। देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र’ इस वर्ष व्यापक जनअभियान के रूप में सामने आया है। अभियान के चौथे वर्ष छत्तीसगढ़ से 23 लाख 51 हजार रक्षा सूत्र सुरक्षा बलों के जवानों के लिए भेजे गए हैं।

सेना मुख्यालय में CDS को सौंपे गए रक्षा सूत्र

20 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय (कर्तव्य भवन) में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इन रक्षा सूत्रों को ग्रहण किया। इसके अगले दिन 21 अगस्त को गोरखा रेजिमेंट में कर्नल विनीथ वी. नायर की मौजूदगी में रिसीविंग सेरेमनी आयोजित की गई। इस दौरान जवानों ने ‘छत्तीसगढ़ महतारी की जय’ के जयघोष के साथ रक्षा सूत्रों की खेप स्वीकार की।

देश के विभिन्न सुरक्षा बलों तक पहुंचेंगे रक्षा सूत्र

अभियान के तहत तैयार किए गए रक्षा सूत्रों को देश के अलग-अलग सुरक्षा बलों के जवानों तक पहुंचाया जाएगा। इनमें—

  • थल सेना: 14.50 लाख
  • सीआरपीएफ: 3 लाख
  • बीएसएफ: 2.70 लाख
  • वायु सेना: 1.40 लाख
  • आईटीबीपी: 90 हजार
  • नौसेना: 85 हजार रक्षा सूत्र

शामिल हैं।

पूर्व सैनिकों और विभागों की भी रही भागीदारी

अभियान की अध्यक्षता प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा द्वारा की गई। पूर्व सैनिक संगठन ‘सिपाही’ के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह राणा के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों की टीम रक्षा सूत्रों के साथ दिल्ली तक पहुंची।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में करीब 11 लाख तथा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नेतृत्व में लगभग 5 से 6 लाख रक्षा सूत्र तैयार किए गए।

जवानों और देशवासियों के बीच भावनात्मक सेतु

अभियान के संयोजक महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र’ केवल राखियां भेजने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों और देशवासियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और राष्ट्रीय सम्मान का मजबूत माध्यम है।

छत्तीसगढ़ से भेजे गए लाखों रक्षा सूत्रों के माध्यम से बहनों और बच्चों ने देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति अपना स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर
छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article