साइबर अपराध के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का बड़ा अभियान, SSP रजनेश सिंह आज Facebook LIVE पर करेंगे जागरूक

Advertisement
Advertisement

डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपाय बताएंगे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, साइबर जागृति अभियान के पहले सप्ताह का देंगे रिपोर्ट कार्ड

बिलासपुर। डिजिटल फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच बिलासपुर पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ शुरू किया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह रविवार को सीधे आम जनता से सोशल मीडिया के माध्यम से संवाद करेंगे।

दोपहर 12 बजे Facebook LIVE पर जुड़ेंगे SSP

बिलासपुर पुलिस के अनुसार 23 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे SSP रजनेश सिंह Facebook LIVE के जरिए लोगों से रूबरू होंगे। इस दौरान अभियान के पहले सप्ताह में आयोजित गतिविधियों, साइबर अपराध के खिलाफ की गई कार्रवाई और लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उपायों की जानकारी साझा की जाएगी।

डिजिटल अरेस्ट और OTP फ्रॉड से बचने के बताएंगे तरीके

LIVE कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी ट्रेडिंग, लॉटरी के नाम पर ठगी, OTP फ्रॉड समेत साइबर अपराध के नए तरीकों से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। पुलिस लोगों को यह भी बताएगी कि संदिग्ध ऑनलाइन कॉल, मैसेज या लिंक मिलने पर किस तरह सावधानी बरतनी चाहिए।

पुलिस की कार्रवाई का भी साझा होगा रिपोर्ट कार्ड

अभियान के पहले सप्ताह के दौरान साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और सामने आए परिणामों की जानकारी भी साझा की जाएगी। आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछने और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस LIVE सेशन से जुड़ें और साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारी अपने परिवार एवं परिचितों तक भी पहुंचाएं। पुलिस का संदेश है कि सतर्कता और सही जानकारी के जरिए ऑनलाइन ठगी से बचाव संभव है।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article