Operation Aaghat Raigarh : 69.66 लीटर अवैध शराब जब्त, 7 आरोपी गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

साइबर, घरघोड़ा, पुसौर, पूंजीपथरा और खरसिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिए सख्त निर्देश

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे Operation Aaghat Raigarh के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 69.66 लीटर अवैध महुआ, हाथभट्ठी, देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

घरघोड़ा में संयुक्त छापेमारी, बड़ी मात्रा में शराब बरामद

थाना साइबर और थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम रायकेरा में रूपेश बेहरा (36) के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 25 लीटर महुआ शराब, 7 पाव अंग्रेजी शराब और 12 पाव देशी प्लेन शराब सहित कुल 28.420 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 210 रुपये नकद भी जब्त किए।

पुसौर पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में पकड़ी महुआ शराब

थाना पुसौर पुलिस ने ग्राम बरपाली (सूपा क्षेत्र) में दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए किशन भारती (26) और राकेश भारती (27) के कब्जे से 7-7 लीटर महुआ शराब बरामद की। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

खरसिया में हाथभट्ठी शराब जब्त

चौकी खरसिया पुलिस ने ग्राम तेलीकोट बरभाठा रोड पर कार्रवाई करते हुए हरवंश टंडन (56) के कब्जे से 10 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूंजीपथरा पुलिस की तीन स्थानों पर कार्रवाई

थाना पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम पाकादरहा, बिलासखार और फौजी ढाबा तराईमाल में छापेमारी कर तीन आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने उमेश कुमार खाण्डे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब, उत्तम राठिया से 12 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब तथा प्रेम सिंह के कब्जे से 3.240 लीटर अंग्रेजी शराब (20 नग गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की) जब्त की।

एसएसपी ने आमजन से की सहयोग की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Share This Article