छापरपानी गांव में सनसनी, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने संभाली जांच की कमान, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जुटे साक्ष्य जुटाने में
रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापरपानी में महिला और उसकी 10 माह की मासूम बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह स्वयं मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पति की मौत के बाद मायके में रह रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया बुधियारो नागवंशी ने बताया कि उनकी मौसेरी बहन बरत कुमारी नाग (35) के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह मायके में रह रही थी। वह अक्सर गांव में घूमती रहती थी तथा ग्राम के प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर घर में आश्रय लेकर रहने लगी थी।
गंभीर हालत में मिली महिला, मासूम की मौके पर मौत
16 जुलाई की सुबह ग्रामीणों ने बरत कुमारी के साथ मारपीट की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर महिला गंभीर रूप से घायल मिली, जिसके सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान थे। वहीं पास में सो रही उसकी 10 माह की बेटी परी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, लैलूंगा थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए।
हत्या का केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 230/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला कायम किया है। पुलिस वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
एसएसपी ने दिया जल्द खुलासे का भरोसा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना लैलूंगा पहुंचकर संदेहियों से पूछताछ की और विवेचना टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और उपलब्ध वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


