70 से अधिक टीमों ने लिया हिस्सा, फाइनल में कोहकामेटा को 1-0 से हराकर डीआरजी ने जीता खिताब
नारायणपुर। नारायणपुर पुलिस द्वारा “माड़ मैत्री” अभियान के तहत आयोजित Mad Maitri Football Narayanpur प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करना था। जिले के चार जोन—नारायणपुर, बेनूर, छोटेडोंगर और कुतुल में आयोजित प्रतियोगिता में 70 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 16 टीमों ने फाइनल राउंड में जगह बनाई।
डीआरजी ने जीता खिताब, कोहकामेटा रही उपविजेता
फाइनल मुकाबला डीआरजी और कोहकामेटा के बीच खेला गया। रोमांचक मैच में डीआरजी ने 1-0 से जीत दर्ज कर माड़ मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम किया। वहीं कोहकामेटा की टीम उपविजेता रही। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में पालकी ने पेनल्टी शूटआउट में बावड़ी को 2-0 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेता टीमों और खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा, भाजपा नगर मंडल महामंत्री बिंदेश पात्र, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
विजेता डीआरजी टीम को ₹13 हजार नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी, उपविजेता कोहकामेटा को ₹10 हजार तथा तीसरे स्थान पर रही पालकी टीम को ₹7 हजार नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। व्यक्तिगत पुरस्कारों में मूलक नाग को बेस्ट गोलकीपर, मनीष कोवाची को बेस्ट प्लेयर तथा रमेश नुरेटी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
खेलों के जरिए मजबूत हुआ जनविश्वास
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि Mad Maitri Football Narayanpur जैसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का सेतु मजबूत करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को लगातार जारी रखने की बात कही। अतिथियों ने भी प्रतियोगिता को सामाजिक समरसता, अनुशासन और भाईचारे को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।






