रक्षाबंधन पर रायगढ़ पुलिस ने मनाया “साइबर सुरक्षा बंधन”, लोगों को ठगी से बचाव का दिया संदेश

Advertisement
Advertisement

शारडा एनर्जी प्लांट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में चला जागरूकता अभियान, ‘जागरूकता की राखी’ संग ली सेल्फी

रायगढ़, 28 अगस्त। रक्षाबंधन के अवसर पर रायगढ़ पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए “साइबर सुरक्षा बंधन” अभियान चलाया। छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत आयोजित कार्यक्रम में लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के आसान और जरूरी उपाय बताए गए। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।

‘जागरूकता की राखी’ के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश

रक्षाबंधन के मौके पर पुलिस ने लोगों से ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षित बनाने की अपील की। लोगों को छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान से जुड़ने के लिए संबंधित लिंक अथवा सेल्फी फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी लेने और सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

शारडा एनर्जी प्लांट में कर्मचारियों को दी जानकारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ग्राम बिंजकोट स्थित शारडा एनर्जी प्लांट पहुंचे। यहां अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध, ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

निरीक्षक कौशिक ने बताया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार, बिजली विभाग, कूरियर कंपनी या अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं का अधिकारी बनकर लोगों को फोन कर सकते हैं। ठग डर या लालच का इस्तेमाल कर बैंकिंग और निजी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं।

कर्मचारियों को फर्जी KYC अपडेट, इनाम या लॉटरी, नौकरी एवं निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, QR कोड के जरिए होने वाली ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों के प्रति भी सावधान किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों को किया जागरूक

इसी क्रम में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी और थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन और केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड में यात्रियों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP किसी को नहीं बताने, बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचने की सलाह दी।

इसके अलावा अनजान लोगों की ओर से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव करने में सावधानी बरतने, संदिग्ध वीडियो कॉल या चैट के जरिए ब्लैकमेलिंग के प्रयासों से सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने की जानकारी दी गई।

रक्षाबंधन पर लिया साइबर सुरक्षा का संकल्प

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की। पुलिस ने संदेश दिया कि जिस तरह राखी भाई-बहन के बीच सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है, उसी तरह साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी स्वयं और परिवार को ऑनलाइन ठगी से बचाने का मजबूत माध्यम है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिया जागरूकता का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है। उन्होंने लोगों से अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

उन्होंने कहा कि लोगों को स्वयं साइबर सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना चाहिए। रायगढ़ पुलिस साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Advertisement
Share This Article