लात-घूंसों और डंडों के साथ चला चाकू, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अंबिकापुर। शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान लात-घूंसों और डंडों के साथ चाकू भी चलने की बात सामने आई है।
चाकू के हमले में दो युवक घायल
घटना में चाकू लगने से दो युवक घायल बताए जा रहे हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक आपस में मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आपसी विवाद को बताया जा रहा वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी विवाद के बाद मारपीट हुई। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह और चाकूबाजी की पूरी घटना को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रतीक्षा बस स्टैंड का है। पुलिस घटना की जानकारी जुटाने के साथ संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रही है।


