भद्रक (ओडिशा)। ओडिशा में लगातार हो रही बारिश के कारण बासुदेवपुर ब्लॉक के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई गांव और निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
जलभराव से जनजीवन प्रभावित
बाढ़ के पानी से कई घरों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को भोजन बनाने सहित दैनिक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों का सूखा राशन भी समाप्त हो चुका है। वहीं, जलभराव के कारण लोग रोजगार के लिए घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है, क्योंकि स्कूल, कॉलेज और ट्यूशन तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में कठिनाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ऐसे इलाके भी हैं जहां अब तक न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधि पहुंच पाए हैं। लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से राहत मिल सके।
पांच लोगों का सफल रेस्क्यू
बासुदेवपुर पूर्वांचल क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने से एक परिवार के पांच सदस्य बाढ़ के पानी में फंस गए थे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और बासुदेवपुर पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को नाव के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें सुदर्शनपुर पंचायत के जगन्नाथी साइक्लोन शेल्टर में पहुंचाया गया, जहां प्रशासन द्वारा भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।




