बिलासपुर में NSS स्वयंसेवकों ने संभाली जागरूकता की कमान, नुक्कड़ नाटक से योजनाओं का दिया संदेश

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कॉलेज विद्यार्थियों ने बाजारों और बस्तियों में पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा

बिलासपुर, 21 सितंबर 2026। जिले में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने जनजागरूकता की मुहिम को अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाया। विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक और अन्य गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों को शासकीय योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

डीपी विप्र कॉलेज में अधिकारियों की मौजूदगी

डीपी विप्र महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और एनएसएस प्रभारी मनोज सिन्हा मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने योजनाओं की जानकारी को संवाद और अभिनय के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया।

बिल्हा, सीपत और मस्तुरी में भी कार्यक्रम

शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय बिल्हा के विद्यार्थियों ने शनिचरी बाजार और सब्जी मंडी चौक के समीप नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं नयन तारा शर्मा महाविद्यालय पांधी के स्वयंसेवकों ने सीपत के नावाडीह चौक में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

संदीपनी कॉलेज मस्तुरी के विद्यार्थियों ने ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। पेंड्री की बस्ती में नागरिकों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

चिंगराजपारा और सकरी में योजनाओं की जानकारी

शासकीय माता शबरी नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर के NSS स्वयंसेवकों ने चिंगराजपारा में शासकीय योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक किया। वहीं नवीन शासकीय महाविद्यालय सकरी के स्वयंसेवकों ने डॉ. अब्दुल कलाम आजाद नगर, वार्ड क्रमांक 2 में लोगों को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

150 विद्यार्थियों ने ली मतदाता जागरूकता की शपथ

सी.एम. दुबे स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से 150 छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता की शपथ ली। दूसरी ओर सिद्धार्थ महाविद्यालय के NSS स्वयंसेवकों ने नशामुक्त समाज और मतदाता जागरूकता को लेकर संकल्प लिया।

योजनाओं का लाभ लेने की अपील

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने नागरिकों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने, पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। जिले के अन्य महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी नुक्कड़ नाटक और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए अभियान में सहभागिता की।

Advertisement
Share This Article