अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर, मुंगेली और GPM के यात्रियों का जत्था रवाना, 24 सितंबर को लौटेगा बिलासपुर
बिलासपुर, 21 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के 800 वरिष्ठ नागरिकों को लेकर विशेष ट्रेन सोमवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुई। तीर्थयात्री मथुरा, वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने दिखाई हरी झंडी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस तीर्थयात्रा के लिए विशेष ट्रेन को राज्य शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक पुन्नूलाल मोहले ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा पूरी करने के बाद विशेष ट्रेन 24 सितंबर को बिलासपुर वापस लौटेगी।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत की सहकारिता एवं उद्योग विभाग की सभापति अंबिका बिनोद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
तिलक और फूलमाला से हुआ यात्रियों का स्वागत
ट्रेन रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ नागरिकों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। यात्रियों को तिलक लगाया गया और पुष्पमाला एवं कंठीमाला पहनाकर विदाई दी गई। गाजे-बाजे के बीच स्टेशन पर तीर्थयात्रियों में उत्साह का माहौल रहा।
वरिष्ठ नागरिकों ने तीर्थयात्रा को लेकर खुशी जताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रियों ने कहा कि मथुरा-वृंदावन पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और श्री बांके बिहारी के दर्शन कर वे छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना करेंगे।
आर्थिक परेशानी के कारण अधूरा था तीर्थ जाने का सपना
बिलासपुर की दीनदयाल कॉलोनी निवासी ताम्रध्वज वर्मा ने बताया कि मथुरा-वृंदावन जाने की उनकी लंबे समय से इच्छा थी। आर्थिक परिस्थितियों के कारण अब तक यह यात्रा संभव नहीं हो सकी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से उन्हें पहली बार इस धार्मिक यात्रा पर जाने का अवसर मिला है।
यात्रियों के साथ चिकित्सा और प्रशासनिक दल
तीर्थयात्रियों की सुविधा और देखरेख के लिए यात्रा में चिकित्सा अधिकारी और लाईजनिंग अधिकारी भी साथ भेजे गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम यात्रियों की आवश्यक व्यवस्थाओं पर नजर रखेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक तिलकेश प्रसाद भावे, नगर निगम समाज कल्याण अधिकारी डॉ. रेनुका पिंगले सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




