अब राशन के लिए घंटों इंतजार नहीं, कुछ मिनटों में मिल रहा सटीक राशन

Advertisement
Advertisement

‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में दिखी तकनीक और पारदर्शिता की नई तस्वीर

बिलासपुर। सरकंडा में शुरू हुई ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ व्यवस्था से राशन वितरण की प्रक्रिया अब आसान और तेज हो गई है। हितग्राहियों को लंबी कतार में इंतजार करने के बजाय कुछ ही मिनटों में निर्धारित मात्रा में राशन मिल रहा है। मशीन आधारित व्यवस्था में सटीक तौल और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया है।

बायोमेट्रिक के बाद स्क्रीन पर दिखती है पात्रता
चिंगराजपारा निवासी हितग्राही प्रीति मानिकपुरी ने बताया कि ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन लेने में पहले की तुलना में काफी सुविधा हो रही है। लंबी लाइन में खड़े होकर इंतजार नहीं करना पड़ता और तौल को लेकर भी चिंता नहीं रहती।

हितग्राही दुर्गेश कुमार यादव के अनुसार, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद स्क्रीन पर पात्रता के अनुसार मिलने वाले राशन की मात्रा दिखाई देती है। पुष्टि करने के बाद डिस्पेंसर के नीचे थैला रखने पर निर्धारित मात्रा में चावल सीधे थैले में भर जाता है।

भीड़ नियंत्रण और समय की बचत
ग्रेन एटीएम की संचालिका रिंकू सिंह ठाकुर ने बताया कि मशीन आधारित प्रक्रिया से राशन वितरण अधिक व्यवस्थित हुआ है। इससे भीड़ को नियंत्रित करने, समय बचाने और हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने में सुविधा मिल रही है।

तकनीक से बढ़ रहा पारदर्शिता और भरोसा
‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण से लेकर पात्रता की जानकारी और राशन के स्वचालित वितरण तक पूरी प्रक्रिया हितग्राही के सामने होती है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शुरुआती अनुभवों में ही राशन वितरण में लगने वाला समय कम होने और हितग्राहियों का भरोसा बढ़ने की बात सामने आ रही है। तकनीक आधारित यह व्यवस्था आने वाले समय में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।

रिपोर्ट अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

Advertisement
Share This Article