यूनो मिंडा के नाम पर नकली हैंडल बार स्विच का खेल, ऑटो पार्ट्स दुकानदार पर FIR

बिलासपुर। शहर के मगरपारा रोड स्थित बोल बम ऑटो पार्ट्स में यूनो मिंडा कंपनी के नाम पर कथित तौर पर नकली हैंडल बार स्विच बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत और दस्तावेजों की जांच के बाद सिविल लाइन पुलिस ने दुकान संचालक अनुज प्रसाद चौरसिया के खिलाफ बीएनएस और कॉपीराइट एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।

मार्केट सर्वे में सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार, कोलकाता की ईआईपीआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सीनियर अधिकारी शुभाशीष डे ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी एजेंसी को यूनो मिंडा कंपनी की ओर से कंपनी के नाम, ट्रेडमार्क और कॉपीराइट के कथित दुरुपयोग तथा नकली स्पेयर पार्ट्स की जांच के लिए अधिकृत किया गया है।

मार्केट सर्वे के दौरान मगरपारा रोड स्थित बोल बम ऑटो पार्ट्स में यूनो मिंडा के नाम से हैंडल बार स्विच बेचे जाने की जानकारी मिली। जांच के दौरान दुकान में कथित तौर पर ऐसे स्पेयर पार्ट्स पाए गए, जिन्हें कंपनी के वास्तविक उत्पाद के रूप में बेचे जाने का आरोप है।

दस्तावेजों की जांच के बाद कार्रवाई

शिकायतकर्ता ने पुलिस को कंपनी की ओर से जारी अधिकृत पत्र, प्रमाण-पत्र और कॉपीराइट रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए। पुलिस ने शिकायत और दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

सिविल लाइन पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ धारा 318(4), 347 और 349 बीएनएस तथा कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 के तहत अपराध दर्ज किया है।

सप्लाई चेन की भी होगी जांच

FIR दर्ज होने के बाद पुलिस अब कथित नकली स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई चेन की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि पार्ट्स कहां से खरीदे गए, बिलासपुर तक कैसे पहुंचे और आगे किन दुकानों या ग्राहकों को सप्लाई किए गए।

संवाददाता — अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक — 12/08/2026

Share This Article