सार्वजनिक मार्ग से हटवाया सामान, 22,500 रुपये जुर्माना; अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी
रायगढ़। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और नालों की सफाई में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने संजय मार्केट में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक मार्ग पर सामान रखकर आवागमन बाधित करने वाले 20 दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कुल 22,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
20 प्रतिष्ठानों पर जुर्माना
कार्रवाई के तहत अलिना फूड वियर और दिलावर शूज पर 1-1 हजार रुपये, क्वालिटी स्टोर पर 2 हजार रुपये, सुरेश गार्मेंट, सहेली ड्रेसेज, हरिश मेहर, शूज हाउस, मैफुल ड्रेसेज, चाँद शूज पर 1-1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी तरह अंकित सेल और बाम्बे फैशन बाजार पर 2-2 हजार रुपये, रविंद्र पर 500 रुपये, जबकि शूज गैलरी, गुजराल मेडिकल, गेलेक्सी बैग, ग्रान्ड शूज, सुहैल बैग, बबल्स, सुहागन और अनुपम इलेक्ट्रॉनिक पर 1-1 हजार रुपये की दंडात्मक कार्रवाई की गई।
नालों की सफाई में बन रहा था बाधक
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर सामान रखकर रास्ता रोकना नियमों का सीधा उल्लंघन है। इससे न केवल आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है, बल्कि मुख्य सड़कों के किनारे बने नालों की सफाई में भी गंभीर परेशानी आती है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और निगम प्रशासन के अभियान में सहयोग करने की अपील की।


