कांग्रेस की जांच रिपोर्ट पर उठे सवाल, गोपाल बोले— मैं भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हूं
रायगढ़। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 के सदस्य एवं लाखा निवासी गोपाल अग्रवाल ने रूपेश प्रबंधन की कथित लापरवाही से एक मजदूर की हुई मौत के मामले में कांग्रेस से जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस द्वारा घटना के बाद जांच तो की गई, लेकिन उसकी रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई।
मजदूर की मौत के बाद शुरू से सक्रिय रहे गोपाल
गोपाल अग्रवाल ने कहा कि अपने गृह पंचायत में स्थित उद्योग में हुई इस घटना को लेकर वे शुरुआत से ही सक्रिय रहे हैं। उद्योग प्रबंधन की लापरवाही के खिलाफ उन्होंने धरातल स्तर पर लगातार कार्रवाई की मांग उठाई। पूर्व उप सरपंच होने के नाते जनता के हितों से उनका जुड़ाव हमेशा रहा है और जनप्रतिनिधि के रूप में वे इस लड़ाई को अंत तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद फिर गरमाया मामला
उन्होंने बताया कि उनके लगातार प्रयासों का परिणाम अब दिखाई देने लगा है। प्रशासन ने ओम रूपेश के अहाते को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बीच गोपाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मौके पर पहुंचकर बड़ी-बड़ी बातें करने वाली कांग्रेस अब अपनी जांच रिपोर्ट सामने लाने से बच रही है।
कांग्रेस से नजदीकी के आरोपों पर दी सफाई
घटना की जांच के दौरान गोपाल अग्रवाल कांग्रेस नेताओं के साथ नजर आए थे, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों और मीडिया में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गोपाल ने स्पष्ट कहा कि उनका कांग्रेस की जांच समिति से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, “मैं भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता हूं। जांच वाले दिन मैं सुबह से ही मौके पर मौजूद था और उचित कार्रवाई के लिए प्रयास कर रहा था। उसी दौरान कांग्रेस की जांच समिति वहां पहुंची। स्थानीय व्यक्ति होने के नाते मेरा वहां मौजूद रहना मानवता के नाते भी जरूरी था। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मैंने अतिथि धर्म निभाया।”
आरोप निराधार, भाजपा के साथ हूं
गोपाल अग्रवाल ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह निराधार और गलत हैं। उन्होंने दोहराया कि वे भाजपा के समर्थित सिपाही हैं और जनता के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे।


