नैनापुर पौधशाला के पास हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर
कुठौंद/जालौन। थाना कुठौंद क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नैनापुर पौधशाला के पास मेंइटहा-कालपी मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार और झपकी बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवकों की पहचान शिवम पुत्र संतराम (18 वर्ष) और शिवम पुत्र परशुनाथ (17 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक औरैया जनपद से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नैनापुर पौधशाला के पास वन चौकी के समीप पहुंचते ही बाइक चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
गंभीर हालत में उरई रेफर
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों किशोरों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


