अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर | बिलासपुर, छत्तीसगढ़
जशपुर, 31 अगस्त 2026। जशपुर जिले के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। राज्य सरकार ने जिले में नए फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण को मंजूरी देते हुए 5 करोड़ 49 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। स्टेडियम बनने के बाद क्षेत्र के फुटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

झरगांव में करीब चार एकड़ में होगा निर्माण
जानकारी के अनुसार प्रस्तावित फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण जशपुर के झरगांव में करीब चार एकड़ भूमि पर किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से इसकी प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए मिलेंगी सुविधाएं
नए स्टेडियम में सिर्फ फुटबॉल मैदान ही नहीं होगा, बल्कि दर्शकों और खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अन्य व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित परिसर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, दर्शक गैलरी, मिनी स्टेज, पार्किंग और पैवेलियन का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रतियोगिताओं और स्थानीय खेल आयोजनों के दौरान खिलाड़ियों एवं दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
स्टेडियम के निर्माण से जशपुर क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। आधुनिक मैदान और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक नया मंच भी प्राप्त होगा।
राज्य सरकार के अनुसार यह परियोजना क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




