जशपुर में 60 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, वैन्यू कार समेत 40 लाख की संपत्ति जब्त

Advertisement
Advertisement

जशपुर, 31 अगस्त 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। बागबहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब 60 किलो अवैध गांजा के साथ एक कथित अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैन्यू कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने जब्त सामग्री और वाहन की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई है।

ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा

पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक वैन्यू कार में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में बागबहार पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकाबंदी करते हुए वाहनों की निगरानी शुरू की।

गांधी चौक के पास पुलिस ने घेरा

पुलिस टीम को गांधी चौक बागबहार के पास संदिग्ध वैन्यू कार दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27 वर्ष) बताया। वह मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में निवासरत बताया गया है।

गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। जांच के बाद इनमें करीब 60 किलो गांजा होने की पुष्टि हुई।

40 लाख रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये, जबकि वैन्यू कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इस तरह कुल जब्ती लगभग 40 लाख रुपये की बताई गई है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले में बागबहार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक पूछताछ में गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा किस व्यक्ति से मिला था और उत्तर प्रदेश में इसे किसे सौंपा जाना था।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई

जशपुर पुलिस के मुताबिक जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल बढ़ाया है।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, बागबहार थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, आरक्षक पवन पैंकरा तथा जशपुर पुलिस की साइबर एवं टेक्निकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement
Share This Article