जन्माष्टमी से पहले रायगढ़ पुलिस का एक्शन, गुंडा-निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर दी सख्त चेतावनी

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 31 अगस्त 2026। आगामी जन्माष्टमी, मेलों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस ने गुंडा और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर नजर बढ़ाते हुए उन्हें संबंधित थानों में बुलाकर अपराध और विवाद से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

त्योहारों में उपद्रव किया तो होगी कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान मारपीट, विवाद, शराब के नशे में उपद्रव या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

खरसिया, छाल और भूपदेवपुर में भी बदमाशों की ली गई परेड

इसी अभियान के तहत 30 अगस्त को एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में खरसिया, छाल और भूपदेवपुर थाना क्षेत्रों के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाया गया। खरसिया थाना परिसर में एसडीओपी ने स्वयं उनसे बातचीत कर अपराध से दूर रहने की समझाइश दी।

उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी लोग शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की शिकायत या आपराधिक गतिविधि सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चक्रधरनगर में डीएसपी राहुल उईके ने दी दो टूक चेतावनी

इसी क्रम में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को भी थाना परिसर में बुलाकर समझाइश दी गई। डीएसपी राहुल उईके ने उन्हें अपराध और विवाद से दूर रहने तथा समाज की मुख्यधारा में रहकर शांतिपूर्वक जीवन बिताने की हिदायत दी।

डीएसपी ने कहा कि किसी बदमाश के खिलाफ शिकायत मिलने या आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे लोगों की नियमित जांच करेगी और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।

उन्होंने थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित जांच करने, उनके आवागमन और गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

जन्माष्टमी, मेलों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के मद्देनजर रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच की जा रही है। डायल-112 की टीमों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारी थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है, ताकि लोग शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें।

एसएसपी का आमजन से अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या उपद्रव की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Share This Article