त्योहारों से पहले तारबाहर पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू के साथ पुराना बदमाश गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

गिरजा चौक में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा, कमर से धारदार चाकू बरामद

शांति व्यवस्था को लेकर 7 अन्य असामाजिक तत्वों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेशोत्सव जैसे आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत तारबाहर थाना पुलिस ने गिरजा चौक के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया युवक पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक एसएसपी रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर एएसपी शहर पंकज कुमार पटेल और सीएसपी गगन कुमार (भापुसे) के मार्गदर्शन में शहर में लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरजा चौक के पास एक युवक कमर में स्टील का धारदार चाकू खोंसकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया।

कमर से मिला स्टील का धारदार चाकू

पूछताछ के दौरान युवक की पहचान नयापारा सिरगिट्टी निवासी विशाल देवांगन उर्फ विशु (27 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 315/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

7 अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई

त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र के सात अन्य संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी को सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

तारबाहर पुलिस की इस कार्रवाई में सउनि उदयभान सिंह, पीएसआई गौतम शुक्ला, आरक्षक महेंद्र सोनकर, राजेश श्रीवास, नूरुल कादिर, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले एवं राहुल राजपूत की सक्रिय भूमिका रही।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article