मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट की प्रगति की समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
यात्री सुविधा व संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने अधिकारियों को दिए निर्देश
बिलासपुर, 2 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यहां चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक सहित मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
मॉडल और ले-आउट प्लान का किया अवलोकन
महाप्रबंधक ने स्टेशन पुनर्विकास से संबंधित मॉडल और ले-आउट प्लान का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गति और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेशन पुनर्विकास के दौरान यात्री सुविधा, संरक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण कार्यों के कारण यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने निर्माण स्थलों पर संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा यात्रियों की आवाजाही को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने पर भी जोर दिया।
प्लेटफार्म और यात्री क्षेत्रों का निरीक्षण
श्री तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्मों, फुट ओवर ब्रिज और अन्य महत्वपूर्ण यात्री क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में लगातार सुधार किया जाए।
नए स्टेशन भवन के निर्माण की समीक्षा
महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा स्टेशन के दूसरे छोर पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का भी निरीक्षण किया गया। यहां चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा बिलासपुर स्टेशन
बिलासपुर स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर बेहतर आवागमन व्यवस्था, सुविधाजनक प्रवेश एवं निकास तथा आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनर्विकास से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता, यात्री सुविधा और संरक्षा के निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, छत्तीसगढ़




