बिलासपुर में तोरवा पुलिस का बड़ा एक्शन, चाकू लहराने वाले 5 बदमाश गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर फैला रहे थे दहशत, फरार चाकूबाज भी पकड़ा गया

बिलासपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए तोरवा पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की सघन पेट्रोलिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से सार्वजनिक जगहों पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय पैदा करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही चाकूबाजी के पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस ने सभी छह आरोपियों के पास से कुल छह धारदार हथियार बरामद किए हैं।

अलग-अलग इलाकों से पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार संध्या गश्त के दौरान टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान हथियार लेकर घूम रहे पांच लोगों को पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निलेश उर्फ छोटू गंगोत्री (24), निवासी अटल आवास देवरीखुर्द, घनश्याम मिश्रा (40), निवासी देवरीखुर्द, रविशंकर पाल (22), निवासी लालखदान ओवरब्रिज के पास, सरोज यादव (37), निवासी लालखदान और दीपक बघेल उर्फ शिब्बू (23), निवासी गणेश नगर सिरगिट्टी के रूप में हुई है।

पुराने चाकूबाजी मामले का फरार आरोपी भी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तोरवा थाना क्षेत्र में पूर्व में हुई चाकूबाजी की एक घटना में वांछित आरोपी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू साहू, निवासी नयापारा सिरगिट्टी, को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा।

आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं 296, 351(3), 115(2), 181/1, 3(5) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज बताया गया है।

सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस ने सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

त्योहारों को लेकर पुलिस की सख्ती जारी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने या लोगों में भय पैदा करने वालों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article