गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या एवं लूट प्रकरण में छत्तीसगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटे गए सोना-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की है।
तकनीकी साक्ष्यों और साइबर ट्रैकिंग से आरोपी तक पहुंची पुलिस
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस, जिला साइबर सेल जीपीएम और रेंज साइबर थाना बिलासपुर की संयुक्त टीम द्वारा की गई। टीम ने लगातार डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और अंतरराज्यीय समन्वय के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
झारखंड से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी
पुलिस ने दिनांक 03.06.2026 को जसीडीह, जिला देवघर (झारखंड) से आरोपी राहुल उर्फ मनीष मंडल (30 वर्ष), निवासी विजय नगर, थाना बांका, जिला बांका (बिहार) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
लूट का सामान बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके हिस्से से लूटी गई सामग्री बरामद की, जिसमें शामिल हैं—
- सोना-चांदी के आभूषण
- 04 मोबाइल हैंडसेट
- इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन
- अन्य महत्वपूर्ण सामान
अंतरराज्यीय गिरोह पर शिकंजा, अन्य आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार यह मामला एक अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीपीएम अविनाश मिश्रा, निरीक्षक प्रसाद मिश्रा (प्रभारी रेंज साइबर थाना बिलासपुर), उप निरीक्षक अजय वारे, सहायक उप निरीक्षक मनोज हनोतिया सहित साइबर सेल और पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को जल्द उजागर किया जाएगा।




