शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जलाए गए ‘आशीर्वाद के दीये’

Advertisement
Advertisement

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, विद्यार्थियों, पालकों और ग्रामीणों ने 75 दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की

कोरबा। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, पालकों और ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।

प्रधानमंत्री के योगदान की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों और उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं देश के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के माध्यम से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जा रहा है।

75 दीप जलाकर की स्वस्थ जीवन की कामना

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, पालकों और ग्रामवासियों ने शाला परिसर में सामूहिक रूप से 75 दीप प्रज्वलित किए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल को प्रधानमंत्री के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से जोड़ते हुए संस्था में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें चित्रकला, भाषण और निबंध प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।

शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम में संस्था के व्याख्याता एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं मेलन कंवर, दिव्या कुजूर, रुक्मणि पुरैना, रमाकांत कुसरो, उमाकांत टोंडें, पुष्पा कुमारी, दीपक कुमारी, अनुराधा राठौर, खीकराम यादव, रूपसाय और कमलेश्वर सहित छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया और स्कूल परिसर में सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन को पूरा किया गया।

Advertisement
Share This Article