पुरानी रंजिश में युवक पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार; लोहे के पाइप जब्त

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

सुंदरूबाड़ी शिव मंदिर के पास मारपीट का मामला, सरकंडा पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर कथित रूप से लाठी, लोहे के पाइप और रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए तीन लोहे के पाइप बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार सूर्या चौक, चिंगराजपारा निवासी राकेश राजपूत ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे सुंदरूबाड़ी शिव मंदिर के पास पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने राकेश के बेटे संजय राजपूत पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक बीच-बचाव करने पहुंचे राजा ठाकुर के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, लोहे के पाइप और रॉड से वार किए, जिससे दोनों घायल हो गए।

गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए तत्काल सिम्स ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के उपचार के लिए वेगस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • साहिल केंवट उर्फ दाऊ (18 वर्ष 8 माह) — प्रभात चौक, चिंगराजपारा
  • पंकज पासी उर्फ किट्टू (20 वर्ष) — सूर्या चौक, चिंगराजपारा
  • साहिल लास्कर (19 वर्ष) — प्रभात चौक, चिंगराजपारा

तीन लोहे के पाइप बरामद

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए तीन स्टीलनुमा लोहे के पाइप बरामद किए गए हैं।

सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1219/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 109(1), 191(2) और 191(3) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Advertisement
Share This Article