ऑपरेशन अंकुश के तहत कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 5 जुआरी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने पूछापारा तालाब के पास जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, ताश की गड्डी और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर हुई दबिश

जानकारी के अनुसार 8-9 जून 2026 की दरम्यानी रात थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूछापारा तालाब के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।

पांच आरोपी गिरफ्तार, नगदी और ताश जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कृष्णा निराला (25), सूरज कुमार निराला (23), मोहन वासुदेव (32), कुश साहू (31) और अमर यादव (32) को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा। जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से 8,650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और एक दरी बरामद की गई।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं मौके पर आरोपियों के उग्र व्यवहार की आशंका को देखते हुए उनके विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) BNSS के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान

थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा तथा आरक्षक बीरबल भगत, कमलेश यादव, कोमल तिवारी, घनश्याम ध्रुव और प्रदीप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Advertisement
Share This Article