Korba : 14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस, 13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

Advertisement
Advertisement

विभाजन से प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष और बलिदान को किया जाएगा नमन, युवाओं को इतिहास से परिचित कराने का प्रयास

कोरबा। भारत सरकार के निर्णय के अनुसार 14 अगस्त 2026 को “भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस” के अवसर पर देशभर में स्मृति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में कोरबा जिले में भी जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के निर्देश एवं कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में 14 अगस्त को शाम 4 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर कोरबा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन और विशेष रूप से युवा पीढ़ी को भारत विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़ी ऐतिहासिक वास्तविकताओं से अवगत कराना है। इस दौरान विभाजन से प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धांजलि दी जाएगी। दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा जाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में भी होंगे विविध आयोजन

जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदर्शनी, कैंडल मार्च, व्याख्यान, परिचर्चा और वृत्तचित्र प्रदर्शन सहित जनजागरूकता गतिविधियां शामिल रहेंगी।

13 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 13 अगस्त को कोरबा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर 3 बजे सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड से शुरू होकर ओपन थियेटर घंटाघर तक जाएगी।

तिरंगा यात्रा में शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालयों एवं स्कूलों के छात्र-छात्राएं, युवा, प्राचार्य, शिक्षक, गणमान्य नागरिक और आमजन शामिल होंगे।

9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों और शैक्षणिक संस्थानों में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इनमें तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़ एवं मैराथन, तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा कैनवास, तिरंगा रंगोली, तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा सम्मान और तिरंगा मेला सहित वंदे मातरम् पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जा रही हैं।

जिला प्रशासन का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

Advertisement
Share This Article