Ramanujganj Crime : जंगल से सागौन लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी ने वन रक्षक पर किया जानलेवा हमला, दोनों गिरफ्तार

रोकने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, सागौन का लट्ठा पटककर किया हमला

बलरामपुर-रामानुजगंज। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी ने उन्हें रोकने वाले वन रक्षक पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में वन रक्षक के सिर पर गंभीर चोट आई है। रामानुजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

लकड़ी ले जाते दिखे पति-पत्नी

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक पिंटू मालाकार ड्यूटी पर थे। इसी दौरान वन वाटिका के पास एक महिला और पुरुष जंगल से सागौन का लट्ठा लेकर आते दिखाई दिए।

वन रक्षक ने उन्हें रोककर पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने गाली-गलौज करते हुए वन रक्षक को रास्ते से हट जाने की धमकी दी।

सागौन का लट्ठा पटककर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए सिर पर रखा सागौन का लट्ठा वन रक्षक के ऊपर पटक दिया। इसके बाद दोनों ने कथित रूप से वन रक्षक के साथ मारपीट की। हमले में पिंटू मालाकार के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पति-पत्नी गिरफ्तार

वन विभाग के कर्मचारी की रिपोर्ट पर थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 140/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 121(2), 132 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 11 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मनोज भुईया, पिता कइल भुईया, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, रामानुजगंज।
  2. मानमती भुईया, पति मनोज भुईया, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, रामानुजगंज।

पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।

Share This Article