शराब दुकान परिसर में चाकूबाजी से मचा था हड़कंप, CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान परिसर में ऑटो चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू की थी।
चाकू से हमला कर ऑटो चालक की हत्या
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि मोहराभाठा क्षेत्र स्थित शराब दुकान परिसर में दो बाइक सवार युवकों ने चाकू से हमला कर एक ऑटो चालक की हत्या कर दी है। घटना में शिव नंदन साहू, पिता शंभु साहू, उम्र 56 वर्ष, निवासी देवरीखुर्द की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना तोरवा पुलिस टीम और एसीसीयू ने प्रत्यक्षदर्शियों से आरोपियों का हुलिया हासिल किया। इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश और ट्रेलिंग शुरू की गई।
दूसरे व्यक्ति पर भी चाकू से हमला
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उन्हीं आरोपियों ने तोरवा थाना क्षेत्र के बूटापारा में एक अन्य व्यक्ति पर भी चाकू से हमला किया है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल राजड़े, पिता आशाराम राजड़े, निवासी बूटापारा, बिलासपुर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एक आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पुलिस अभिरक्षा में
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश तेज करते हुए रात में मनीष कैवर्त, निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर को हिरासत में लिया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी नाबालिग बताया गया है, जिसे भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
दोनों से घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आगे की विवेचना जारी है।
रिपोर्ट by अभिषेक कुमार पाण्डेय
स्टेट रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
11/08/2026




