‘दीपावली विथ अपने’ अभियान के तहत सैकड़ों बच्चों को बांटी गई उपहार सामग्री, पुलिस अधिकारियों और सामाजिक संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ मनाया उत्सव
जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने की अनूठी पहल
खरसिया। दीपावली का पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए, इसी भावना के साथ खरसिया पुलिस एवं हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियों की दीपावली मनाई। मानव सेवा माधव सेवा के संकल्प के साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘दीपावली विथ अपने’ अभियान के अंतर्गत सैकड़ों बच्चों को दीपावली उपहार किट वितरित की गई। आर्थिक परिस्थितियों के कारण दीपावली का पर्व उत्साहपूर्वक नहीं मना पाने वाले बच्चों के लिए यह आयोजन खुशियों और उल्लास का विशेष अवसर बना।

दीपावली सामग्री भेंट कर बच्चों के साथ मनाया उत्सव
आयोजन के दौरान बच्चों को दीपक, तेल, बाती, चॉकलेट, पटाखे, बिस्कुट, मिठाई सहित विभिन्न उपहार सामग्री प्रदान की गई। इसके बाद बच्चों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने नृत्य, भजन और कविताओं की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। नगर के अलग-अलग मोहल्लों से पहुंचे बच्चों ने पुलिस अधिकारियों एवं संस्था के सदस्यों के साथ पटाखे फोड़कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। बच्चों ने ‘भारत का बच्चा-बच्चा’ और ‘पाताल चटनी’ भजन पर नृत्य कर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया।

प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
इस अवसर पर खरसिया के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री प्रवीण भगत, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री सतीश भार्गव एवं चौकी प्रभारी श्री त्रिनाथ त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री सतीश भार्गव ने बच्चों को सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा संबंधी जानकारियां भी दीं।

हेल्पिंग हैंड्स क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक श्री मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक श्री अंकित अग्रवाल, श्री हनुमान अग्रवाल, श्री राजेश घंसू, श्री रतन अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री राकेश केशरवानी, महिला विंग खरसिया की अध्यक्ष श्रीमती आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती बबीता गुप्ता, श्रीमती रजनी अग्रवाल, श्रीमती ललिता शर्मा, प्रदेश सदस्य श्री हिमांशु अग्रवाल, श्री संस्कार गोयल, श्री लोकेश गर्ग एवं श्री निलेश अग्रवाल सहित संस्था के अन्य सदस्य तथा पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
हर त्योहार जरूरतमंदों के साथ मनाने का संकल्प
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक श्री रमेश अग्रवाल, वूमेन विंग की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती बबीता अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता पांडे ने इस सफल आयोजन के लिए खरसिया महिला विंग और पूरी टीम को बधाई दी। वूमेन विंग की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती बबीता अग्रवाल ने कहा कि हेल्पिंग हैंड्स क्लब हमेशा जरूरतमंद लोगों तक खुशियां पहुंचाने के लिए तत्पर रहता है। रक्तदान सेवा के साथ सामाजिक जागरूकता और विभिन्न त्योहारों को जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाना संस्था की प्रमुख गतिविधियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के साथ मिलकर सामाजिक कार्यक्रमों में संस्था आगे भी अपना योगदान देती रहेगी।
