जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 7 बजे साप्ताहिक हाट-बाजार के दौरान सनसनीखेज वारदात हुई। दुकान बंद कर सामान गाड़ी में रख रहे ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी की तीन बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और सोना-चांदी लूटकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी हर सप्ताह कोटमी के साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी की दुकान लगाते थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे वह दुकान बंद कर सोने-चांदी के जेवर व अन्य सामान गाड़ी में रख रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे।

बदमाशों ने पहले प्रदीप सोनी से जेवर से भरा बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर उनके बीच छीना-झपटी शुरू हो गई। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर प्रदीप सोनी के सीने में बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगते ही व्यापारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद तीनों आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर पल्सर बाइक से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई दुकानदारों ने डर के कारण तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं।
सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे बाजार क्षेत्र को सील कर दिया। घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस लूट की रकम और आरोपियों की पहचान के लिए जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


