जगदलपुर झपटमारी : 9 वारदातों को अंजाम देने वाला नकाबपोश आरोपी गिरफ्तार, ढाई लाख का माल बरामद

Advertisement
Advertisement

बस्तर पुलिस को बड़ी सफलता
बस्तर पुलिस ने जगदलपुर शहर में लगातार झपटमारी की वारदातों से दहशत फैलाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय आरोपी राजमन यादव, निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम, अब तक शहर के अलग-अलग इलाकों में 9 झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। उसके कब्जे से करीब 2.5 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

महिलाओं को बनाता था निशाना
पुलिस के मुताबिक आरोपी बाइक पर नकाब पहनकर सुनसान और अंधेरी जगहों पर महिलाओं एवं युवतियों को निशाना बनाता था। वह पीछे से बैग झपटकर फरार हो जाता और बैग से नकदी व आभूषण निकालने के बाद बैग तथा मोबाइल फोन फेंक देता था।

CCTV फुटेज से खुला राज
एक वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरोपी की पहचान आसान हुई। फुटेज में दिखाई देता है कि आरोपी तेज रफ्तार बाइक से महिला के पास पहुंचकर बैग छीनने का प्रयास करता है। जब महिला बैग नहीं छोड़ती तो वह उसे सड़क पर कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले जाता है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई।

9 मामलों का किया खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कोतवाली थाना क्षेत्र में 5 और बोधघाट थाना क्षेत्र में 4, कुल 9 झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पूछताछ में आरोपी ने सभी वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

ढाई लाख का सामान बरामद
आरोपी के कब्जे से 8 बैग, 3 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।

घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस एवं साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दलपत सागर से पावर हाउस चौक की ओर आते समय आरोपी को गिरफ्तार किया।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisement
Share This Article