एसएसपी ने जाना कुशलक्षेम, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पुटकापुरी निवासी रामदास महंत ने लगभग 100 दिनों बाद सकुशल घर लौटने के पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान एसएसपी ने आत्मीयता से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और नियमित रूप से घर पर रहकर स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही किसी भी आवश्यकता या परेशानी की स्थिति में पुलिस एवं प्रशासन से बेझिझक संपर्क करने का भरोसा दिलाया।
थाना प्रभारी को दिए नियमित संपर्क के निर्देश
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस भी उपस्थित रहे। एसएसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि समय-समय पर रामदास महंत और उनके परिवार से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जानें तथा जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएं।
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने पर घर से हो गए थे लापता
जानकारी के अनुसार, ग्राम पुटकापुरी निवासी रामदास महंत मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण करीब 100 दिन पहले घर से चले गए थे। परिजनों और ग्रामीणों ने लगातार उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उनके राजस्थान के सिरोही जिले में होने की सूचना मिली।
राजस्थान से सकुशल कराई गई घर वापसी
सूचना मिलते ही कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं रायगढ़ पुलिस सक्रिय हुई। पुसौर थाना पुलिस ने राजस्थान स्थित मानव सेवा आश्रम से संपर्क कर पुष्टि की कि रामदास महंत वहां सुरक्षित हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने उनकी घर वापसी के लिए यात्रा, आर्थिक सहायता और रेल आरक्षण की व्यवस्था कराई।
सांसद का भी मिला सहयोग
रामदास महंत को 30 जून 2026 को राजस्थान से रवाना किया गया और वे सकुशल अपने गांव पहुंचे, जहां परिवार और ग्रामीणों ने भावुक होकर उनका स्वागत किया। इस पूरी प्रक्रिया में क्षेत्रीय सांसद राधेश्याम राठिया, जिला प्रशासन, रायगढ़ पुलिस, ग्राम पंचायत पुटकापुरी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समन्वित भूमिका रही।




